O Level Computer Course 2026: ओ लेवल क्या है? पूरी गाइड हिंदी में

आज के इस डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि एक विशिष्ट कौशल के रूप में करियर की नींव बन चुका है। एक शानदार भविष्य, जिसमे छात्र सरकारी नौकरी, आईटी सेक्टर या किसी डिजिटल कार्यक्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त करने का सपना देख रहे हैं, उन छात्रों के लिए O Level Computer Course एक बेहतर विकल्प हो सकता है। यह कोर्स खासतौर पर उन छात्रों के लिए है, जो 12वीं के बाद ऐसे कंप्यूटर कोर्स में प्रवेश लेना चाहते हैं जिसमे बेसिक से एडवांस स्तर का ज्ञान प्राप्त हो।

आज इस ब्लॉग लेख में हम ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करने वाले हैं, जिन्हे हर उस छात्र को समझना जरूरी है, जो ओ लेवल कोर्स करने की योजना बना रहे हैं। ओ लेवल क्या होता है? और इसे करने के लिए आवश्यक पात्रता, कौशल, फीस और पाठ्यक्रम जैसे सभी पहलुओं को समझने के लिए आप लेख को अंत तक जरूर पढ़ें।

O Level Computer Course

कोर्स का नामओ लेवल कंप्यूटर कोर्स
अवधि1 वर्ष
पात्रता12वीं उत्तीर्ण
स्तरडिप्लोमा
करियर विकल्पकंप्यूटर ऑपरेटर, जूनियर प्रोग्रामर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, वेब डिजाइनर, IT सपोर्ट

Table of Contents

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स क्या है? O Level Course in Hindi

ओ लेवल (O Level) एक डिप्लोमा सर्टिफिकेट कंप्यूटर कोर्स है, जिसे भारत सरकार के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) द्वारा संचालित किया जाता है। इस कोर्स को उन छात्रों के लिए डिजाइन किया गया है, जो 12वीं के बाद कम समय में आईटी क्षेत्र से जुड़ा व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी कंप्यूटर कोर्स करना चाहते हैं।

ओ लेवल कोर्स के दौरान छात्रों को कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, इंटरनेट, डेटा प्रबंधन, वेब डिजाइनिंग, साइबर सुरक्षा, माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, आईटी के मूल सिद्धांत और नेटवर्किंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों का अध्ययन करवाया जाता है। यह एक ऐसा कंप्यूटर कोर्स है जिसमे छात्रों को कंप्यूटर अनुप्रयोग, प्रोग्रामिंग और आईटी के मूल सिद्धांतों का बेसिक से एडवांस स्तर तक का ज्ञान प्रदान किया जाता है, जो सरकारी नौकरी, आईटी सेक्टर या डिजिटल कार्यक्षेत्र में करियर बनाने के बेहतर विकल्प हैं।

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स अवधि

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स की अवधि 1 वर्ष (12 महीने) की होती है, लेकिन इसमें व्यावहारिक, सैद्धांतिक कक्षाएँ, प्रयोगशाला कक्षाएँ और परीक्षा प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए कई बार इस कोर्स की कुल अवधि 18 महीने तक भी हो सकती है। यह कंप्यूटर कोर्स दो सेमेस्टरों में विभाजित होता है, जिसमे आईटी से संबंधित बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक की पढ़ाई कराई जाती है। पाठ्यक्रम में बेसिक कंप्यूटर परिचय, माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, प्रोग्रामिंग भाषाएँ, कंप्यूटर एप्लिकेशन और व्यावहारिक प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होते हैं।

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स क्यों करें?

ओ लेवल (O Level) एक डिप्लोमा सर्टिफिकेशन कंप्यूटर कोर्स है, जिसे भारत की NIELIT (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) संस्था द्वारा संचालित किया जाता है। 2026 में ओ लेवल कोर्स क्यों करें, इसका कोई एक जवाब नहीं है। करियर में नए विकल्पों को हासिल करने, तकनीकी ज्ञान को मजबूत करने या आईटी क्षेत्र में स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए ओ लेवल कोर्स चुनने के कई ठोस कारण हैं। नीचे कुछ प्रमुख कारणों को स्पष्ट किया गया है।

  • कम लागत में बेहतरीन कंप्यूटर कोर्स: ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स की फीस BCA, ADCA और निजी संस्थानों के अन्य कंप्यूटर कोर्सों की तुलना में बहुत कम होती है और इसके अलावा कम फीस के बावजूद इस कोर्स की मान्यता और उपयोगिता कई गुना अधिक मानी जाती है। कम फीस होने के कारण यह कोर्स छात्रों के लिए एक किफायती और प्रभावी विकल्प बन जाता है।
  • सरकारी नौकरी के अवसर: कई सरकारी पद जैसे क्लर्क, IT टेक्नीशियन, डाटा एंट्री ऑपरेटर और कई SSC (एसएससी) परीक्षाओं में ओ लेवल कंप्यूटर सर्टिफिकेट की मांग होती है। ओ लेवल कोर्स एक सरकारी मान्यता प्राप्त कोर्स है, इसलिए अधिकांश सरकारी विभागों में स्वीकार किया जाता है।
  • आईटी और सॉफ्टवेयर कौशलों का विकास: ओ लेवल कोर्स के पाठ्यक्रमों में प्रोग्रामिंग भाषा (Python, Java) और वेब डिजाइनिंग (HTML, CSS) जैसे कौशल विकास कोर्स भी शामिल है। इससे छात्रों को आईटी और सॉफ्टवेयर स्किल्स का बेसिक से इंटरमीडियट स्तर तक ज्ञान प्राप्त होता है।
  • सरकारी मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेट: ओ लेवल एक सरकारी मान्यता प्राप्त संस्था NIELIT द्वारा संचालित किया जाता है, जो कंप्यूटर साक्षरता की मान्य शैक्षणिक योग्यता के रूप में स्वीकार किया जाता है, जिस कारण विश्वसनीयता और महत्व दोनों बढ़ जाता है।

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स पात्रता

ओ लेवल कोर्स करने के लिए भारत सरकारी की संस्था NIELIT द्वारा कुछ आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और पात्रता निर्धारित किए गए हैं, जो इस कोर्स में प्रवेश लेने से पहले उम्मीदवारों को इन मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य है। नीचे ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स में प्रवेश के लिए निर्धारितपात्रताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई है।

शैक्षणिक योग्यता:

  • उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण होना चाहिए।
  • ITI (Industrial Training Institute) में मान्यता प्राप्त ट्रेड से उत्तीर्ण उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।

आयु सीमा:

  • ओ लेवल (O Level) कंप्यूटर कोर्स के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं है। किसी भी आयु के कोई भी इच्छुक छात्र, नौकरीपेशा, स्वरोजगार व्यक्ति या गृहिणी सभी इस कोर्स को कर सकते हैं।

आवश्यक कौशल ज्ञान:

  • बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान
  • माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस
  • हिंदी और अंग्रेजी में टाइपिंग
  • प्रोग्रामिंग की बुनियादी समझ
  • तार्किक और विश्लेषणात्मक कौशल
  • संचार कौशल
  • समय प्रबंधन और अनुशासन
  • इंटरनेट और ईमेल का उपयोग करना

O Level Computer Course

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स सिलेबस

ओ लेवल कोर्स का पाठ्यक्रम दो सेमेस्टर में विभाजित है, जिसे NIELIT द्वारा डिजाइन किया गया है। इस कोर्स के पाठ्यक्रम में सैद्धांतिक विषय, व्यावहारिक प्रशिक्षण, परियोजना कार्य और बहुविकल्पीय (MCQ) शामिल होते हैं, ताकि छात्रों को आईटी (IT) क्षेत्र का मौलिक, तकनीकी और व्यावसायिक ज्ञान एक साथ प्राप्त हो। नीचे ओ लेवल कोर्स का सेमेस्टर अनुसार विस्तृत सिलेबस दिया गया है।

  • M1-R5 (सूचना प्रौद्योगिकी उपकरण और नेटवर्क मूल बातें): कंप्यूटर की बुनियादी अवधारणाएँ, ऑपरेटिंग सिस्टम, कंप्यूटर हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर, इंटरनेट, ई-मेल, क्लाउड कंप्यूटिंग और माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस आदि।
  • M2-R5 (वेब डिजाइनिंग और प्रकाशन): वेब डिजाइनिंग के मूल सिद्धांत, HTML5, CSS, JavaScript, वेब होस्टिंग और डोमेन नेम आदि।
  • M3-R5 (पायथन के माध्यम से प्रोग्रामिंग और समस्या समाधान): Python प्रोग्रामिंग की मूल बातें, पायथन सिंटैक्स और डेटा टाइप्स, वेरिएबल्स, लूप्स और कंडीशनल स्टेटमेंट्स (if-else) आदि।
  • M4-R5 (इंटरनेट ऑफ थिंग्स और इसके अनुप्रयोग): IoT का परिचय, आईओटी के मूलभूत घटक, आईओटी सुरक्षा और प्रोटोकॉल, आईओटी में प्रयुक्त विकास उपकरण और आईओटी डिजाइन पद्धति आदि।
  • PR1-R5 (प्रैक्टिकल): M1-R5, M2-R5, M3-R5 और M4-R5 पर आधारित प्रैक्टिकल।
  • PJ1-R5 (प्रोजेक्ट वर्क): परियोजना।

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स परीक्षा पैटर्न

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स की परीक्षा साल में दो बार जनवरी और जुलाई सत्र में आयोजित की जाती है। परीक्षाओं का मुख्य उद्देश्य छात्रों की सैद्धांतिक और प्रायोगिक जानकारी का निष्पक्ष मूल्यांकन करना होता है, ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि छात्र सभी विषयों को सही ढंग से समझ चुके हैं या नहीं। परीक्षा का नमूना कुछ इस तरह तैयार किया गया है कि इसमें सैद्धांतिक, व्यावहारिक और आंतरिक मूल्यांकन तीनों का संतुलित आकलन किया जा सके। NIELIT द्वारा आयोजित की जाने वाली ओ लेवल परीक्षा का पैटर्न नीचे दिया गया है।

ओ लेवल परीक्षा विवरण:

परीक्षा माध्यमकंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT)
भाषाहिंदी और अंग्रेजी
कुल पेपर4 थ्योरी पेपर + 1 प्रैक्टिकल + 1 प्रोजेक्ट
समय अवधि3 घंटे (थ्योरी प्रैक्टिकल सभी में अलग)
प्रश्न प्रकारथ्योरी: MCQ + डिस्क्रिप्टिव
प्रैक्टिकल: लैब-बेस्ड टास्क्स
परीक्षा कार्यक्रमसाल में 2 बार (जनवरी और जुलाई)

मॉड्यूल-वार परीक्षा विवरण:

मॉड्यूल कोडविषय नामप्रश्नों का प्रकारकुल अंक
M1-R5IT Tools & Network BasicsMCQ + True/False + Match100
M2-R5Web Designing & PublishingMCQ + Short Answer100
M3-R5Programming with PythonMCQ + Programming Logic100
M4-R5Internet of ThingsMCQ + Conceptual Qs100
PJ1-R5Project100

O Level Vs ADCA: कौन सा कोर्स है बेहतर?

अधिकांश छात्रों को यह समझने में समस्या उत्पन्न होती है कि ओ लेवल (O Level) और ADCA में से कौन-सा कोर्स चुना जाए। दोनों कोर्स की समय अवधि 1 वर्ष होने के कारण छात्र अक्सर भ्रमित हो जाते हैं कि उनके करियर के लिए कौन-सा विकल्प बेहतर रहेगा। नीचे एक सारणी ओ लेवल और ADCA कोर्स की तुलना मुख्य तथ्यों के आधार पर की गई है।

विशेषताO LevelADCA
मान्यतासरकारी (NIELIT)निजी संस्थान द्वारा (NIIT)
कोर्स अवधि1 वर्ष1 वर्ष (कहीं 6 माह भी)
परीक्षाराष्ट्रीय स्तर कीलोकल संस्थान
प्रमाण्पत्र का मूल्यबहुत अधिकसीमित स्तरीय
प्रोग्रामिंग लैंग्वेजशामिल हैअधिकतर में नहीं
फीस (अनुमानित)₹10,000 – ₹20,000₹10,000 – ₹25,000

O Level Computer Course

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स कैसे करें?

यदि आप ओ लेवल कोर्स करना चाहते हैं, तो आवेदन और प्रवेश की पूरी प्रक्रिया को सही तरीके से समझना जरूरी है। नीचे ओ लेवल कोर्स में दाखिला लेने की पूरी प्रक्रिया को आसान और क्रमबद्ध तरीके से बताया गया है।

पात्रता की जाँच:

  • ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स करने से पहले अपनी पात्रता (Eligibility) की जाँच करना आवश्यक है।
  • 12वीं उत्तीर्ण या आईटीआई पास होना अनिवार्य।

कोर्स का प्रकार चुनें:

  • NIELIT से मान्यता प्राप्त संस्थान में प्रवेश ले सकते हैं, यहाँ नियमित थ्योरी और लैब क्लासेस होती हैं।
  • इसके अलावा आप स्वयं पढाई (Self Study) के रूप में ओ लेवल कर सकते हैं। इसके लिए आप NIELIT की आधिकारिक वेबसाइट में जाएँ, फॉर्म भरें और परीक्षा दें।

NIELIT में रजिस्ट्रेशन:

  • यदि आप संस्थान से ओ लेवल करना चाहते हैं, तो अलग से रजिस्ट्रेशन करने की आवश्यकता नहीं होती है, संस्थान ही प्रक्रिया पूरी करता है।
  • यदि आप Self Study / Direct Mode से कर रहे हैं, तो पहले NIELIT की आधिकारिक वेबसाइट में जाएँ।
  • Apply Online” में जाकर O Level Course के लिए पंजीकरण करें।
  • सभी प्रमुख दस्तावेजों को उपलोड करें।
  • रजिस्ट्रेशन फीस जमा करें (₹500 – ₹750) अनुमानित।

पढ़ाई शुरू करें:

  • संस्थान से ओ लेवल करने वाले छात्र नियमित क्लासेस अटेंड करें।
  • जिसमे आईटी टूल्स, वेब डिजाइनिंग, पायथन प्रोग्रामिंग और आईओटी एप्लिकेशन संबंधित विषयों को पढ़ाया जाएगा।
  • Direct Candidate जिन्होंने खुद से आवेदन किया हैं, उनको सिलेबस के अनुसार खुद ही पढ़ना होगा। NIELIT के निर्धारित सिलेबस के अनुसार स्वयं अध्ययन करें।

परीक्षा के लिए आवेदन करें:

  • स्वयं आवेदन करने वाले छात्रों को NIELIT पोर्टल पर जाकर Examination Form भरना होता है।
  • जिसमे प्रत्येक विषय की अनुमानित फीस लगभग 500 होती है।
  • संस्थान से करने वाले छात्रों को खुद से कोई परीक्षा फॉर्म नहीं भरना होता है।

परीक्षा दें:

  • ओ लेवल कोर्स की परीक्षा साल में दो बार जनवरी और जुलाई में आयोजित की जाती है।
  • इस कोर्स की परीक्षा Computer Based Test (CBT) द्वारा होती है।

सर्टिफिकेट प्राप्त करें:

  • यदि किसी विषय में बैक नहीं लगी और आप सभी विषयों में उत्तीर्ण कर लेते हैं, तो NIELIT द्वारा आपको O Level Certificate जारी किया जाता है।
  • सर्टिफिकेट आप अपने संस्थान से प्राप्त कर सकते हैं या NIELIT पोर्टल से PDF फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं।

कौन कर सकता है? ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स

कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) में रुचि रखने वाला कोई भी इच्छुक व्यक्ति ओ लेवल (O Level) कोर्स कर सकता है। यह कोर्स विशेष रूप से उन छात्रों और युवाओं के लिए उपयोगी हो सकता है, जो आईटी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं या वर्तमान समय में अपनी नौकरी में तकनीकी योग्यता जोड़ना चाहते हैं।

  • 12वीं कक्षा उत्तीर्ण छात्र ओ लेवल कोर्स के लिए मुख्य रूप से पात्र होते हैं।
  • 10वीं के बाद आईटीआई (ITI) में किसी मान्यता प्राप्त ट्रेड से प्रशिक्षण प्राप्त और अनुभव रखने वाले उम्मीदवार।
  • कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रहे छात्र, जो पढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर कौशलों में निपुण होना चाहते हैं।
  • नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थान से कोर्स करने के इच्छुक छात्र।
  • 12वीं के बाद कम समय में आईटी कोर्स करके रोजगार के अवसर प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले छात्र।
  • घर बैठे फ्रीलांसिंग, डिजिटल कार्य या ऑनलाइन कमाई के स्रोत बनाने की इच्छुक व्यक्ति।

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स करियर विकल्प

ओ लेवल (O Level) कंप्यूटर कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छात्रों के लिए कई प्रकार के करियर विकल्प उपलब्ध हो जाते हैं। यह कोर्स न केवल कंप्यूटर और आईटी से जुड़े व्यावहारिक कौशल प्रदान करता है, बल्कि सरकारी और निजी दोनों ही क्षेत्रों में रोजगार के अवसर दिलाने में सहायक होता है। ओ लेवल करने के बाद आप अपनी रुचि, लक्ष्य और योग्यता के अनुसार नौकरी कर सकते हैं, या फिर आगे की पढ़ाई के माध्यम से अपने करियर को और मजबूत बना सकते हैं। नीचे कुछ प्रमुख करियर विकल्प और कोर्सों की सूची दी गई है।

सरकारी नौकरी के अवसर:

यह कोर्स भारत सरकार की संस्था NIELIT द्वारा संचालित है, इसलिए इसे कई सरकारी विभागों में स्वीकार किया जाता है। कई प्रमुख सरकरी पद जहाँ भर्ती के लिए मान्यता प्राप्त कंप्यूटर प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है, वहाँ ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स को व्यापक रूप से मान्य किया जाता है। नीचे कुछ प्रमुख सरकारी पदों की सूची दी गई है, जिनमें ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स लागू होता है।

  • क्लर्क
  • डाटा एंट्री ऑपरेटर
  • SSC (Staff Selection Commission) की विभिन्न भर्तियाँ
  • बैंकिंग सेक्टर में क्लर्क
  • स्टेनोग्राफर
  • राज्य सरकार के विभागों में कंप्यूटर सहायक
  • पंचायत सचिवालय में कंप्यूटर पद
  • कंप्यूटर ऑपरेटर
  • आईटी टेक्नीशियन
  • कोर्ट और न्यायालयों में डाटा एंट्री और क्लर्क पद

निजी क्षेत्रों में अवसर:

  • वेब डेवलपमेंट
  • ग्राफिक डिजाइनिंग
  • पायथन डेवलपर
  • Computer Operator
  • डिजिटल मार्केटर
  • IT सपोर्ट इंजीनियर
  • Data Entry Operator

उच्च शिक्षा के अवसर:

  • ऐ लेवल (A Level)
  • सूचना प्रौद्योगिकी में डिप्लोमा
  • पाइथन प्रोग्रामिंग कोर्स
  • वेब डेवलपमेंट में डिप्लोमा
  • कंप्यूटर विज्ञान में डिप्लोमा

संबंधित लेख: ADCA कंप्यूटर कोर्स कैसे करें, पूरी जानकारी

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स फीस

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स की फीस संस्थान के प्रकार पर निर्भर करती है। इस कोर्स की फीस सरकारी संस्थानों और निजी संस्थानों में अलग-अलग होती है। इसके अलावा फीस विभिन्न सुविधाएँ जैसे कंप्यूटर प्रयोगशाला, अध्ययन सामग्री, व्यावहारिक प्रशिक्षण, परीक्षा शुल्क और अन्य प्रशासनिक व्यय पर निर्भर होती है। आमतौर पर ओ लेवल की फीस सरकारी या NIELIT से मान्यता प्राप्त संस्थानों में कम और मानकीकृत होती है, जबकि निजी संस्थानों में थोड़ी अधिक हो सकती है। नीचे ओ लेवल कोर्स की अनुमानित फीस की जानकारी दी गई है, हालाँकि वास्तविक शुल्क संस्थान के अनुसार कम या अधिक हो सकती है।

फीस घटकसरकारी संस्था (NIELIT)निजी संस्थान
पंजीकरण शुल्क₹500 – ₹750₹500 – ₹800
सिद्धांत परीक्षा शुल्क1,000/मॉड्यूल1,000/मॉड्यूल
प्रायोगिक परीक्षा शुल्क₹500₹500
अन्य शुल्क₹0 – ₹1,000₹1,000 – ₹2,000
कुल अनुमानित फीस₹8,000 – ₹15,000₹10,000 – ₹25,000

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स सैलरी

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स समाप्त करने के बाद व्यक्ति की सैलरी उसके अनुभव, कार्य, क्षेत्र (सरकरी या निजी) और कौशल ज्ञान पर निर्भर करती है। यहाँ नीचे आपको पदानुसार ओ लेवल के बाद मिलने वाली अनुमानित वर्षिक सैलरी की स्पष्ट जानकारी दी जा रही है।

जॉब प्रोफाइलवार्षिक सैलरी अनुमानित
कंप्यूटर ऑपरेटर₹2.5 – ₹5.0 लाख
डेटा एंट्री ऑपरेटर₹2.0 – ₹4.0 लाख
जूनियर प्रोग्रामर₹3.0 – ₹4.5 लाख
ऑफिस असिस्टेंट₹1.5 – ₹3.0 लाख

कंप्यूटर छात्रों के लिए बेस्ट लैपटॉप (View)

कुछ संबंधित प्रश्न: FAQs

कंप्यूटर में ओ लेवल कोर्स कैसे करें?

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स करने के लिए उम्मीदवार 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके बाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) द्वारा मान्यता प्राप्त किसी संस्थान में प्रवेश ले सकते हैं।

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स की फीस कितनी है?

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स की फीस संस्थान के प्रकार (सरकारी/निजी) और उपलब्ध सुविधाओं पर निर्भर करती है। इस कोर्स की अनुमानित फीस ₹10,000 से ₹25,000 तक हो सकती है। इसके अलावा कुछ संस्थानों में परीक्षा और प्रवेश शुल्क अलग से निर्धारित हो सकती है।

ओ लेवल से कौन सी जॉब मिलती है?

ओ लेवल करने के बाद आप विभिन्न पदों में करियर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यतौर पर जूनियर प्रोग्रामर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, वेब डिजाइनर, शिक्षण सहायक, लैब असिस्टेंट और प्रोग्रामर असिस्टेंट जैसे पद शामिल हैं।

O Level कोर्स की अवधि कितनी होती है?

ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स की अवधि 1 वर्ष (12 महीने) होती है, जिसमें कुल 2 सेमेस्टर शामिल होते हैं। किसी-किसी संस्थान में इस कोर्स की अवधि 18 माह भी हो सकती है।

ओ लेवल कोर्स में क्या-क्या सिखाया जाता है?

ओ लेवल कोर्स बुनियादी कंप्यूटर सिद्धांत, बेसिक पाइथन प्रोग्रामिंग, माइक्रोसॉट ऑफिस का प्रयोग, आईटी टूल्स, नेटवर्किंग, वेब डिजाइनिंग (HTML, CSS, JavaScript) और डेटाबेस प्रबंधन के व्यावहारिक ज्ञान पर केंद्रित होता है।

ओ लेवल कोर्स करने के क्या फायदे हैं?

ओ लेवल सर्टिफिकेट कोर्स धारक व्यक्ति के पास कई सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलने की संभावना होती है। आप सचिवालय, बैंक और एसएससी के विभिन्न पदों पर क्लर्क या डेटा एंट्री ऑपरेटर के तौर पर कार्य कर सकते हैं।

निष्कर्ष:

ओ लेवल (O Level) एक ऐसा मजबूत और भरोसेमंद कंप्यूटर कोर्स है, जिसे विशेष रूप से उन छात्रों के लिए विकसित किया गया है, जिनका उद्देश्य कम समय में कंप्यूटर और आईटी क्षेत्र में अपना करियर स्थापित करना है। यह एक सरकारी मान्यता प्राप्त कोर्स है, जिसे भारत सरकार की संस्था नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) संचालित करती है। इसी वजह से अधिकांश कंप्यूटर संबंधी सरकारी पदों में ओ लेवल कोर्स सर्टिफिकेट लागू होता है।

आज इस लेख में हमने ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे पात्रता, फीस, सिलेबस, परीक्षा पैटर्न, प्रवेश प्रक्रिया, करियर विकल्प और सरकारी क्षेत्रों में इसकी मान्यता आदि को संक्षेप और आसान भाषा में समझाने का प्रयास किया है। यदि आपका सपना भी आईटी के क्षेत्र में कदम बढ़ाना है, तो तो ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स आपके लिए एक बेहतर और व्यावहारिक विकल्प साबित हो सकता है, जिसे आप केवल 1 वर्ष के अंदर ही समाप्त करके प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Leave a Comment